कटनी। जिला अस्पताल में मानवता को शर्मशार कर देने वाली एंबुलेंस 108 की सफाई मामले में कलेक्टर आशीष तिवारी सख्त नजर आए। गौरतलब है कि विगत दिनों एक महिला अपने पति को 108 एंबुलेंस में लेकर कटनी के जिला अस्पताल में आई थी। जहां उसके पति की तबियत बिगड़ने और उल्टी होने से 108 एंबुलेंस में अपनी सेवाएं देने वाले दो कर्मचारियों द्वारा महिला से अस्पताल परिसर में ही एंबुलेंस की धुलाई कराई गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो गए थे। जिसके बाद वायरल वीडियो को कलेक्टर आशीष तिवारी ने गंभीरता लेते हुए सीएमएचओ डॉक्टर राज सिंह ठाकुर को जांच के आदेश दे डाले।
कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा दिये गये आदेश के पालन में सीएमएचओ डॉ. ठाकुर ने संबंधित कंपनी के संचालकों एवं प्रबंधकों से पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी ली और वायरल वीडियो के तथ्यों की जांच कराई। उन्होंने वायरल वीडियो को सही पाये जाने पर जेएईएस प्रोजेक्ट प्रा. लिमि. कंपनी के एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी के विरूद्ध कार्यवाही करने की बात कही। इसके बाद जेएईएस प्रोजेक्ट प्रा. लिमि. कंपनी ने दो कर्मचारियों की सेवायें समाप्त कर दी है। इसमें पायलट पद पर नियुक्त देवा साहू और ईएमटी मोहित खटीक को कंपनी ने सेवा से टर्मिनेट किया है।


