कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने किशोरी बालिकाओं के माता-पिता,पालकों और अभिभावकों से आग्रह किया है कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। यह बाजार में लगभग 4 हजार रुपये की आती है, लेकिन शासन द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। इसलिये सभी पालक व अभिभावक अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को एचपीवी टीका अवश्य लगवायें। वैक्सीन का एक टीका गर्भाशय एवं ग्रीवा कैंसर के प्रति भविष्य में बेटियों को जीवनभर की सुरक्षा की गारंटी देगा और उन्हें गंभीर रोग से बचाएगा।
कटनी जिले में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीव्ही (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) के टीकाकरण अभियान की शुरूआत 28 फरवरी को की गई। इस दिन कलेक्टर तिवारी की मौजूदगी में जिला चिकित्सालय में तीन बालिकाओं क्रमशः श्रृष्टि सोनी, खुशी पांडेय और मंदाकिनी कोल को टीकाकरण कर शुरुआत की गई थी।
कलेक्टर तिवारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो गया है। अधिकांशतः 14-15 वर्ष की किशोरी बालिकायें कक्षा 8वीं, 9वीं,10 वीं में अध्ययनरत होती हैं। इन्हें सवाईकल कैंसर की बीमारी और इससे बचाव तथा एचपीव्ही टीकाकरण के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करें।
कलेक्टर तिवारी ने राजस्व विभाग के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को विकासखंडवार खण्ड चिकित्सा अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों और बीआरसी के साथ बैठक आयोजित कर एचपीव्ही टीकाकरण के लक्ष्य प्राप्ति हेतु कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
साढ़े 5 हजार से अधिक किशोरी बालिकाओं को लगा टीका
कटनी जिले को एचपीवी टीकाकरण के लिए मिले 12 हजार 613 लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 5 हजार 724 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण के मामले में जिले में कटनी नगर 80 फीसदी लक्ष्य हासिल कर अव्वल स्थान पर है।जबकि बरही दूसरे और ढीमरखेड़ा तीसरे स्थान पर है। इसी प्रकार मुड़वारा चौथे और रीठी पांचवें स्थान पर है।जबकि विजयराघवगढ़ और बड़वारा अंतिम स्थान पर है।
पोर्टल के माध्यम से अभिभावक कर सकेंगे पंजीकरण
अभिभावक अपने बच्चों का पंजीकरण भारत सरकार के यू-विन सेल्फ रजिस्ट्रेशन पोर्टल https://uwinselfregistration.mohfw.gov.in/login पर ऑनलाइन कर सकते हैं, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया और अधिक सुगम होगी।


