कटनी में युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट और अमानवीय प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुराने विवाद को लेकर युवक को पहले बातचीत के बहाने घर बुलाया गया, फिर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि बाद में रेलवे स्टेशन से उसका जबरन अपहरण कर दूसरी जगह ले जाया गया, जहां उसे कमरे में बंद कर दोबारा पीटा गया और सिगरेट से हाथ-पैर दागे गए। मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक पंकज मेहरा के अपहरण, मारपीट और कथित अमानवीय प्रताड़ना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अजय उर्फ अन्नू माली (42) और साहिल खान (23) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में अमन सहित एक अन्य आरोपी फरार है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, पंकज मेहरा 12 सितंबर की सुबह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से वहां पहुंचा और उसे बातचीत के लिए अपने घर ले गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद अन्नू ने कुछ लोगों को बुलाया और पुरानी बात को लेकर पंकज के साथ लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट की।
किसी तरह वहां से निकलकर पंकज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया। पुलिस के अनुसार उसे जबरन ऑटो में बैठाकर एनकेजे बजरिया स्थित मकान में ले जाया गया, जहां उसे एक कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की गई।
सिगरेट से दागने का भी आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों में शामिल एक युवक ने सिगरेट से पंकज के हाथ और पीठ को दाग दिया। इससे उसके शरीर पर जलने के निशान आए। शाम करीब 6 बजे पंकज किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गया और भय के कारण जबलपुर चला गया।
15 सितंबर को पंकज अपनी मां और भाई के साथ कोतवाली थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1053/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
चंद घंटों में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि पंकज पहले उसके यहां काम करता था और करीब दो साल पहले काम छोड़ चुका था। आरोपी के अनुसार पंकज उसके कुछ फोटो और दस्तावेज अपने साथ ले गया था, जिन्हें वह वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक अन्नू के मेमोरेण्डम के आधार पर साहिल खान को भी कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस फरार अमन और उसके एक अन्य साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।



