कटनी/विजयराघवगढ़। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर विजयराघवगढ़ के विभिन्न महाविद्यालयों में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने किया।
जनसंपर्क के दौरान छात्र-छात्राओं ने अभियान से जुड़े पदाधिकारियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। छात्रों को इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया, साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन भी कराया गया।
आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में पेपर लीक, शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण, बेरोजगारी और KG से PG तक मुफ्त शिक्षा जैसे छात्रहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। युवा कांग्रेस का दावा है कि इन मुद्दों को लेकर प्रदेश के युवाओं में लगातार उत्साह बढ़ रहा है।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कहा कि छात्रों की समस्याएं देश के भविष्य से जुड़ी हैं। वहीं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अब कॉलेज-कॉलेज तक पहुंच रही है और विजयराघवगढ़ से भी बड़ी संख्या में छात्र इंदौर पहुंचकर कार्यक्रम को मजबूती देंगे।
इस दौरान युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष शुभम साहू, शुभम शर्मा, एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष राजन साहू, अवध यादव, सौरभ पांडेय, अखिलेश द्विवेदी, विकास सिंह, अभिषेक दुबे, वैभव सिंह बघेल, अमन तिवारी, वीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





