कटनी। जिले के थाना स्लीमनाबाद अंतर्गत धुरी-बंधी ग्राम स्थित खदान में एक युवक के डूबने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही कलेक्टर आशीष तिवारी ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए एसडीईआरएफ की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना करने के निर्देश दिए।कलेक्टर के निर्देशानुसार प्लाटून कमांडर श्वेता गुप्ता के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसडीईआरएफ दल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा। साथ ही स्थानीय पुलिस बल को भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिकूल परिस्थितियों में भी जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
मौके पर मौजूद प्लाटून कमांडर श्वेता गुप्ता ने बताया कि धुरी-बंधी ग्राम स्थित गहरी खदान में डूबे युवक की तलाश के लिए सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। खदान की गहराई जमीन स्तर से लगभग 100 फीट नीचे बताई जा रही है। संकरी जगह, अंधेरा और रात का समय रेस्क्यू कार्य को चुनौतीपूर्ण बना रहा है, बावजूद इसके एसडीईआरएफ की टीम पूरी मुस्तैदी और सावधानी के साथ अभियान संचालित कर रही है।
डूबे युवक की पहचान ग्राम धुरी निवासी दुर्गेश कुशवाहा पिता प्रताप कुशवाहा, उम्र लगभग 26 वर्ष के रूप में हुई है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा रेस्क्यू कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

