कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के अमीरगंज मंदिर के सामने शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे भी जब्त किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की रात अमीरगंज मंदिर के सामने शराब के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद हुआ था। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने सूचनाकर्ता सनत कुमार यादव के साथ हाथ-मुक्कों और लकड़ी के डंडों से मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला चिकित्सालय कटनी में उपचार कराया गया।
मामले की रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में धारा 296(बी), 351(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार जुटी रही। मुखबिर सूचना और संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवम गुप्ता (26), निवासी अमीरगंज और शहंशाह उर्फ अनिल केवट (35), निवासी अमीरगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे जब्त किए हैं। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी सुशील यादव घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश कर रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


