कटनी। राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार जिले में मकान सूचीकरण का कार्य 30 मई तक किया जा रहा है। मकान सूचीकरण के लिए जिले में 2010 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। मकान सूचीकरण कार्य में जिले के 396 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक का कार्य अब तक शत-प्रतिशत पूर्ण हो गया है। इसके अतिरिक्त 1614 ब्लॉक्स में कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। मकान सूचीकरण कार्य में अब तक जिले की 10 लाख 90 हजार 604 जनसंख्या कवर हो गई है।
नागरिकों से पूछे जाने वाले सवाल
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक नागरिकों से कुछ सामान्य और बुनियादी जानकारियां प्राप्त करेंगे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: भवन की स्थिति और परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, बुनियादी सुविधाएं जैसे नल कनेक्शन, बिजली, शौचालय/बाथरूम और गैस कनेक्शन, घरेलू संपत्ति जैसे रेडियो/टीवी, केबल कनेक्शन, साइकिल/मोटर साइकिल/कार, परिवार द्वारा उपयोग किया जाने वाला मुख्य अन्न, इंटरनेट, मोबाइल आदि।
क्या साझा न करें
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक नागरिकों से किसी भी प्रकार के संवेदनशील दस्तावेज या निजी वित्तीय जानकारी की मांग नहीं करेंगे। नागरिक ध्यान रखें कि प्रगणकों द्वारा आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर या बैंक विवरण नहीं पूछा जाएगा। किसी भी प्रकार का ओटीपी साझा करने की आवश्यकता नहीं है। प्रगणक के घर पहुंचने पर नागरिक अपनी संतुष्टि के लिए उनका आधिकारिक पहचान पत्र अवश्य चेक करें।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा, "जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों की आधारशिला होते हैं। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में हर नागरिक का सक्रिय सहयोग अनिवार्य है।" सभी प्रगणक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने क्षेत्रों में डिजिटल डेटा फीडिंग का कार्य पूर्ण करेंगे, जिससे गणना में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो सकेगी।


