कटनी। शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सी गई थी। आए दिन पूरे शहर को जाम के झाम से जूझना पड़ता था। ऐसा कोई दिन नहीं जाता था जब शहर की जनता को ट्रैफिक का दंश न झेलना पड़ा हो। या फिर यह कहना भी लाजमी है कि तत्कालीन यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडेय से शहर का ट्रैफिक संभाला नहीं जाता था, या फिर संभालने की इच्छा शक्ति नहीं थी। वैसे भी यातायात पुलिस अधिकतर चालानी कार्रवाई या फिर अवैध उगाही में ही व्यस्त रहती है, जिसका खामियाजा आमजन को जाम का दर्द सहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इन्हीं सब शिकायतों के दौर को ध्यान में रखते हुए जिला के पहले और बेहद ईमानदार पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा खुद शहर का निरीक्षण करते हुए यातायात थाना प्रभारी को बदल दिया गया। अब यातायात थाने की कमान नव नियुक्त थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर के कंधों पर है। शहर की जनता के जहन में नए थाना प्रभारी के आने से एक आस जगी है कि शायद अब जाम के झाम से निजात मिलेगी। खैर ये तो भविष्य के गर्त में छिपा है कि जाम से निजात मिलेगी या फिर और ज्यादा जाम में फंसकर दंश झेलना पड़ेगा।
खैर जो भी हो जनता को जाम में फंसने से बचाने के लिए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा आज शहर के प्रमुख यातायात प्रभावित क्षेत्रों बरगवां, मिशन चौक एवं चंडाक चौक का निरीक्षण कर बीती संध्या निर्मित जाम की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सीवर लाइन निर्माण कार्य के चलते मार्ग के वन-वे हो जाने से आवागमन प्रभावित हुआ एवं यातायात बाधित हुआ। इसका मतलब तत्कालीन यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडेय बेहद संजीदगी से अपना काम करते थे जैसा पुलिस अपने प्रेस नोट में बता रही है। वैसे भी पुलिस एक ऐसा विभाग है जहां उच्चाधिकारी को अपने विभाग की कमी बहुत कम ही नजर आती है.?
आगे बता दें कि निरीक्षण उपरांत नव नियुक्त थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह को यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि संबंधित क्षेत्रों में पर्याप्त बैरिकेडिंग, सांकेतिक संकेतक एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समस्या के स्थायी एवं प्रभावी निराकरण हेतु प्रशासनिक स्तर पर आकस्मिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला कलेक्टर आशीष तिवारी, नगर निगम कमिश्नर सुश्री तपस्या परिहार एवं सीवर लाइन निर्माण कार्य से संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में आमजनहित को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में शहरवासियों को यातायात संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के उपरांत संबंधित क्षेत्रों में बैरिकेड्स एवं सांकेतिक चिन्ह लगाए गए तथा यातायात पुलिस द्वारा सतत मुस्तैदी के साथ ड्यूटी संपादित की गई, जिसके परिणामस्वरूप यातायात व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित बनी रही तथा जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में अनूप सिंह निरीक्षक थाना प्रभारी यातायात, सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक सुदामा प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर बागरी, आरक्षक राजकुमार, सुरेन्द्र तथा सैनिक सुरेन्द्र निगम, राकेश बड़गैयां एवं मनीष बर्मन सहित थाना यातायात के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जो भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |

.jpeg)

