कटनी। कटनी पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। 22 मई को हिरवारा कौड़िया निवासी श्रमिक अविनाश प्रजापति द्वारा की गई शिकायत और प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि बस स्टैण्ड चौकी में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 694 अनमोल कुमार एवं कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति ने बिना किसी प्राथमिक तस्दीक और वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए श्रमिक को चौकी में निरुद्ध कर उसके साथ मारपीट की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों का आचरण गंभीर रूप से असंवेदनशील, पद के दुरुपयोग वाला और आमजन के प्रति अनुचित पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी ने तत्काल प्रभाव से आरक्षक अनमोल कुमार और कार्यवाहक एएसआई बाल गोविंद प्रजापति को निलंबित कर रक्षित केंद्र कटनी संबद्ध कर दिया है।
साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए नगर पुलिस अधीक्षक कटनी को प्राथमिक जांच सौंपी गई है। बस स्टैण्ड चौकी प्रभारी की भूमिका को लेकर भी जांच के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह मामला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि जिस खाकी वर्दी पर आम जनता सुरक्षा और न्याय का भरोसा करती है, उसी पर अब सवाल उठ रहे हैं। यदि बिना वैधानिक प्रक्रिया किसी श्रमिक को चौकी में बैठाकर मारपीट की जाती है, तो यह न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन है बल्कि पुलिस व्यवस्था की साख पर भी सीधा आघात है।
अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि दोषियों पर केवल निलंबन तक कार्रवाई सीमित रहती है या फिर आगे विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी की जाती है।


