कटनी। इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक-4 के मोहन नगर क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलनिकासी और मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर अब रहवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। गंदे पानी, कीचड़ और अधूरे नाली निर्माण से परेशान नागरिकों ने 12 जून को "हल्ला बोल आंदोलन" का ऐलान किया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार नगर निगम द्वारा स्वीकृत नाली निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया, जिसके कारण सड़कों और घरों के आसपास गंदा पानी जमा रहता है। बरसात के पहले ही हालात बदतर हो चुके हैं। कच्ची सड़कें कीचड़ में तब्दील हैं और महिलाओं, बुजुर्गों व स्कूली बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है।
इसी के विरोध में 12 जून 2026 को सुबह 9 बजे रविदास तिराहा, मोहन नगर में जनआक्रोश प्रदर्शन एवं "हल्ला बोल आंदोलन" आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शनकारी प्रशासन और नगर निगम से तत्काल जलनिकासी व्यवस्था, नाली निर्माण शुरू कराने और वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करेंगे।
रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।
ये रही प्रमुख मांगें
गंदे पानी की तत्काल निकासी की व्यवस्था।
स्वीकृत नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
कच्ची सड़क पर भरे दूषित पानी और कीचड़ से मुक्ति दिलाई जाए।
वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |




