कटनी। कुछ पल का क्षणिक सुख और हवस की आग बुझाने के लिए एक युवक ने नाबालिग लड़की को जबरिया जंगल में ले जाकर उसकी लज्जा भंग कर फरार हो गया। बलात्कार का शिकार हुई नाबालिग लड़की अपने परिजनों के साथ थाना पहुंच कर पुलिस को अपनी आप बीती बताई। जिसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जून को थाना उमरियापान क्षेत्र की एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम महनेर निवासी रोहित चौधरी ने उसे जबरन अपनी स्कूटी पर बैठाकर करौंदी आश्रम के पीछे जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर उमरियापान पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 178/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी रोहित चौधरी को घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कटनी भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और सख्त कानूनी कदम उठाने के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई है।

.jpeg)
