कटनी। जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त दो डंपर और एक हाइवा वाहन को जब्त किया है।
खनिज विभाग की जांच में सामने आया कि वाहनों में परिवहन की जा रही रेत की मात्रा और ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) में दर्ज मात्रा के बीच भारी अंतर था। निर्धारित सीमा से अधिक खनिज परिवहन किए जाने की पुष्टि होने पर तीनों वाहनों को तत्काल जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। बीती रात विभिन्न मार्गों पर की गई चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और वास्तविक खनिज भार की जांच की गई, जिसमें अनियमितताएं सामने आईं।
जुहला क्षेत्र में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहनों में हाइवा क्रमांक CG-04-PB-6082 तथा डंपर क्रमांक MP-21-G-0686 और MP-21-H-0720 शामिल हैं। तीनों वाहन ग्राम जुहला क्षेत्र में पकड़े गए, जिन्हें जब्त कर एनकेजे थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
कलेक्टर न्यायालय में चलेगा मामला
खनिज विभाग ने तीनों वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब इन मामलों को सुनवाई और दंडात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग और राजस्व हानि पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।


