कटनी। एक सजग यात्री और सतर्क नागरिक की सूझबूझ ने संभावित सड़क दुर्घटना को टाल दिया। यातायात पुलिस ने शराब के नशे में ऑटो चला रहे चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया है।
यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान यातायात पुलिस को सूचना मिली कि एक ऑटो चालक संदिग्ध अवस्था में वाहन चला रहा है और उसके शराब के नशे में होने की आशंका है।
सूचना मिलते ही यातायात पुलिस सक्रिय हुई और ऑटो क्रमांक MP 21 ZK 1666 चालक अभय प्रताप सिंह पिता अशोक प्रताप सिंह उम्र 28 साल निवासी भट्टा मोहल्ला थाना रंगनाथ नगर को रोककर जांच की गई। विभागीय ब्रीथ एनालाइजर से किए गए परीक्षण में चालक द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए ऑटो जब्त कर लिया तथा प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
नशे में ड्राइविंग बनी सड़क हादसों की बड़ी वजह
यातायात पुलिस के अनुसार शराब के प्रभाव में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है। ऐसे में सड़क दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है, जिससे चालक के साथ-साथ आम नागरिकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
नागरिकों की सतर्कता से बच सकती हैं जिंदगियां
यातायात पुलिस ने सूचना देने वाले नागरिक और सवारी की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिकों की जागरूकता और समय पर दी गई सूचना कई लोगों की जान बचा सकती है।
यातायात पुलिस की अपील
शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं।
नशे में वाहन चला रहे व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनें।
अपनी और दूसरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
"सजग सवारी – सतर्क नागरिक, सुरक्षित सड़क – सुरक्षित जीवन"
"आपकी एक सूचना, किसी की जिंदगी बचा सकती है।"


