कटनी। थाना रंगनाथ नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लापता हुई नाबालिग बालिकाओं को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता से दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार 20 जून को फॉरेस्टर वार्ड निवासी एक महिला ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट थाना रंगनाथ नगर में दर्ज कराई। वहीं 21 जून को एक अन्य महिला ने भी अपनी नाबालिग पुत्री के घर से लापता होने की सूचना पुलिस को दी।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुणपाल सिंह ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर बालिकाओं की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों एवं संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन और पूछताछ की। अथक प्रयासों के बाद एक नाबालिग बालिका को सतना तो दूसरी को कटनी से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरुणपाल सिंह सहित थाना रंगनाथ नगर के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


