कटनी। नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक को लेकर सोशल मीडिया पर कई आपत्तिजनक और गंभीर आरोपों वाले कमेंट्स वायरल हो रहे हैं। विभिन्न नामों और फेसबुक प्रोफाइलों से किए गए इन कमेंट्स में अवैध शराब, जुआ-सट्टा कारोबारियों से कथित वसूली, नगर निगम के ठेकेदारों पर दबाव बनाकर कमीशन लेने तथा भूमि विवादों से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
वायरल स्क्रीनशॉट्स में यह भी देखा गया कि कई अलग-अलग प्रोफाइलों से लगभग एक जैसी भाषा और शब्दों का उपयोग किया गया है। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि कहीं यह किसी सुनियोजित ऑनलाइन अभियान का हिस्सा तो नहीं है। कई प्रोफाइल विदेशी नामों से बनी दिखाई दे रही हैं, जबकि टिप्पणियां हिंदी में की गई हैं।
सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की अभी तक किसी प्रशासनिक जांच से पुष्टि नहीं हुई है। न ही इन आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेजी साक्ष्य सार्वजनिक रूप से सामने आया है। दूसरी ओर, राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इन वायरल टिप्पणियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, वहीं समर्थकों का दावा है कि यह नगर निगम अध्यक्ष की छवि खराब करने की कोशिश भी हो सकती है। अब इन तमाम आरोपों में कितनी सच्चाई है ये तो मनीष पाठक या फिर कमेंट करने वाले ही बता सकते हैं।
फिलहाल मनीष पाठक की ओर से इन वायरल आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: यह समाचार सोशल मीडिया पर वायरल हो रही टिप्पणियों पर आधारित है। जन आवाज न्यूज इन आरोपों की पुष्टि नहीं करता और न ही किसी व्यक्ति को दोषी ठहराता है। आरोपों की सत्यता संबंधित जांच के बाद ही स्थापित हो सकेगी।






