कटनी। राजीव गांधी वार्ड अंतर्गत गौतम का बगीचा क्षेत्र में प्रस्तावित एयरटेल मोबाइल टावर का स्थानीय रहवासियों ने विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार को टावर स्थापना की तैयारी के लिए मशीन और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एकत्र हो गए और विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस स्थान पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, उसके आसपास घनी आबादी है। यहां बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं, इसलिए लोगों को स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी चिंताएं हैं। रहवासियों का आरोप है कि टावर स्थापना से पहले क्षेत्रवासियों से कोई चर्चा नहीं की गई और न ही उनकी सहमति ली गई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने एकजुट होकर प्रशासन से मांग की कि जब तक लोगों की आपत्तियों का निराकरण नहीं हो जाता, तब तक टावर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।
मौके पर मौजूद नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित कंपनी से पारदर्शिता बरतते हुए सभी आवश्यक अनुमति और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है। फिलहाल विरोध के चलते टावर स्थापना का कार्य शुरू नहीं हो सका।



