कटनी: जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रदीप सिंह ने गुरुवार को ग्राम पंचायत तखला पहुंचकर पांचवें वित्त आयोग की राशि से निर्मित ओपन जिम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिम में स्थापित विभिन्न उपकरणों का स्वयं उपयोग कर उनकी गुणवत्ता और कार्यक्षमता का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से नियमित व्यायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
सीईओ प्रदीप सिंह ने कहा कि ओपन जिम खेल एवं युवा कल्याण विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम से हृदय स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है, आत्मविश्वास बढ़ता है और वजन नियंत्रित रखने में भी मदद मिलती है। उन्होंने ग्रामीणों से सुबह-शाम अपनी क्षमता और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार ओपन जिम का उपयोग करने का आग्रह किया।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने लेग एवं चेस्ट प्रेस, क्रॉस वॉकर, एयर वॉकर, सिटिंग एवं स्टैंडिंग ट्विस्ट, पुल-अप एवं चिन-अप बार तथा हॉर्स राइडर सहित सभी फिटनेस उपकरणों का परीक्षण किया और उनकी स्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन किचन की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, शुद्ध पेयजल व्यवस्था और निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली।
ग्राम पंचायत सचिव दयाशंकर गर्ग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद पंचायत द्वारा पांचवें वित्त आयोग की राशि से 5 लाख रुपये की लागत से ओपन जिम का निर्माण कराया गया है, जिसका लाभ अब ग्रामवासी नियमित रूप से उठा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सरपंच अनिल सिंह चौहान, सचिव दयाशंकर गर्ग, ग्राम रोजगार सहायक प्रदीप पांडे, महेंद्र लुनिया, निधि विश्वकर्मा, अनिरुद्ध प्रताप सिंह, दिनेश पाली, बालकिशन सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।


