कटनी। मध्यप्रदेश पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत शनिवार को कटनी सहित जबलपुर रेंज के आठ जिलों की पुलिस ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेशानुसार जब्त मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई एसीसी फैक्ट्री कैमोर के सीमेंट संयंत्र की उच्च तापमान वाली भट्टी में की गई, जहां सभी मादक पदार्थों को नियमानुसार जलाकर नष्ट किया गया।
इस अभियान में कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट और डिंडोरी जिलों की पुलिस शामिल रही। पुलिस के अनुसार विभिन्न थाना क्षेत्रों से पिछले कई महीनों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
विनष्टीकरण के दौरान कटनी जिले का 236.865 किलोग्राम गांजा तथा जबलपुर जिले का 155.010 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया। इसके अलावा जबलपुर जिले के 106 न्यायालयीन प्रकरणों से संबंधित जब्त माल का भी विनष्टीकरण किया गया। अन्य जिलों के जब्तशुदा मादक पदार्थों को भी नियमानुसार नष्ट किया गया।
पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विनष्टीकरण की वीडियोग्राफी कराई गई तथा आवश्यक दस्तावेजीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक बालाघाट रेंज विनित कुमार जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक छिंदवाड़ा रेंज मनोज सिंह, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर ऋषिकेश मीणा, पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी, पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक डिंडोरी आशीष खरे सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |



