कटनी। माधव नगर थानांतर्गत आज सुबह पुलिस और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई। गुप्ता गैस एजेंसी के संचालक एवं शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति मुकेश गुप्ता पर विश्राम बाबा क्षेत्र में कथित तौर पर करीब आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी कार को निशाना बनाया, कांच तोड़े और फिर उन्हें घेरकर बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के बावजूद मुकेश गुप्ता किसी तरह जान बचाकर सीधे माधवनगर थाने पहुंचे।
जमीन देखने पहुंचे, पहले से तैयार बैठी थी भीड़
मुकेश गुप्ता का आरोप है कि वे अपनी निजी जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जैसे ही उनकी कार मौके पर रुकी, पहले से मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने हमला बोल दिया। देखते ही देखते कार पर लाठियां बरसने लगीं, कांच चकनाचूर कर दिए गए और बाहर निकलते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष?
घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। स्थानीय स्तर पर एक भाजपा नेता का नाम चर्चा में है, लेकिन इस संबंध में अभी तक पुलिस ने किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों में उबाल, सुरक्षा पर सवाल
दिनदहाड़े एक प्रतिष्ठित उद्योगपति पर हुए हमले ने पूरे व्यापारिक जगत को झकझोर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि शहर के जाने-माने व्यवसायी भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक की सुरक्षा का क्या होगा? व्यापारिक संगठनों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
माधवनगर थाना पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जन आवाज सवाल पूछता है...
क्या कटनी में जमीन माफियाओं के हौसले बुलंद हो चुके हैं?
दिनदहाड़े उद्योगपति पर हमला करने वालों को किसका संरक्षण है?
क्या पुलिस इस मामले के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचेगी?
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |





