कटनी। जिले में कांग्रेस का सदस्यता अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में ऋषभ पटेल ने अपनी मित्रमंडली के साथ जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए विधिवत सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ऋषभ पटेल ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विचारधारा, संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली।
इस अवसर पर अनिल बर्मन, देवेंद्र सोनी, हरिशंकर लोधी, ओम सेन, विजय प्रकाश यादव, मथुरा प्रसाद, सीमा पाल, रचना निषाद, अंकिता सकतेल और कंचन सूर्यवंशी सहित कई लोगों ने भी कांग्रेस का दामन थामा तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता के कारण युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों का पार्टी पर विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नए सदस्यों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनके उज्ज्वल राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।



