कटनी। उमरियापान थाना पुलिस ने जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए कथित रूप से विवश करने के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम बारगांव निवासी सोहबत लाल चक्रवर्ती (50 वर्ष) ने अपने खेत की मेड़ पर लगे नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मृतक के पास से दो सुसाइड नोट बरामद किए।
मामले में थाना उमरियापान में मर्ग कायम कर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मृतक के परिजनों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर सामने आया कि मृतक का अपने चाचा पक्ष से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि जमीन पर कब्जे को लेकर लगातार मानसिक प्रताड़ना दिए जाने से वह परेशान था और इसी कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
जांच के बाद पुलिस ने जगदीश चक्रवर्ती, जगन्नाथ चक्रवर्ती, बैजनाथ चक्रवर्ती, रामनाथ चक्रवर्ती, गीता बाई चक्रवर्ती और सरला बाई चक्रवर्ती के विरुद्ध अपराध क्रमांक 206/26 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद सभी को जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र जायसवाल, उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, अजय तिवारी, आरक्षक सतेन्द्र चौरसिया, नीलेश पटेल, मोहन मुबेल, रोहित झारिया, महिला आरक्षक दुर्गा शुक्ला सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |



