कटनी। माधवनगर पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर अमकुही इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्रियों और कृष्णाधाम कॉलोनी में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार अमकुही इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्रियों के अंदर चोरी की तीन घटनाएं हुई थीं। इनमें तार, एसी, टीवी, एलईडी, इनवर्टर-बैटरी, सिलेंडर, मशीन के पैनल, पार्ट्स, वायर और टूल्स सहित अन्य सामान चोरी हुआ था। वहीं कृष्णाधाम कॉलोनी से दो मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले भी सामने आए थे।
इन घटनाओं को लेकर माधवनगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 80/26, 441/26, 481/26, 660/26 और 661/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सोनू साहू उर्फ काला, पिता कल्लू साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी बिलहरी थाना कुठला, हाल निवासी संतनगर थाना कोतवाली, कटनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रामचंद्र ठाकुर निवासी कैलवारा के साथ मिलकर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया है। मामले में आरोपी का दूसरा साथी रामचंद्र ठाकुर फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उनि योगेश मिश्रा, सउनि वहाब खान, प्रआर श्रीकांत सेन, पवन सिंह, कमलेश बैरागी, नीलेन्द्र गौतम, आरक्षक मणि, रोहित सिंह, संजय सिंह, नवीन शुक्ला सहित चौकी बिलहरी के प्रआर भरत विश्वकर्मा और आरक्षक उमाकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब फरार आरोपी रामचंद्र ठाकुर की तलाश के साथ ही चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।


