कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र स्थित नवोदय विद्यालय के आवासीय घर में चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की रिपोर्ट मिलने पर थाना बड़वारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
मामले की जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रकरण के अनुसंधान को लेकर पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल का बारीकी से परीक्षण किया। टीम द्वारा मौके से महत्वपूर्ण भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तकनीकी माध्यमों के आधार पर चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार जांच और संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल पुलिस द्वारा एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना जारी है।


