कटनी। नगर पालिक निगम कटनी में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, राजस्व और अतिक्रमण समेत कई समस्याएं महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखीं।
महापौर श्रीमती सूरी ने सभी आवेदनों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों की समस्याओं के पारदर्शी और प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए और प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम की सभी प्रमुख शाखाओं के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहे, जिससे लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि गंभीर प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए।
महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली महापौर जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे नगर निगम के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।


