कटनी। प्लॉट विवाद में रिवॉल्वर तानकर हत्या की कोशिश करने वाले फरार आदतन अपराधी आरमान उर्फ निशु द्विवेदी को कटनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर थाना माधवनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पन्ना मोड़ निवासी मुकेश कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि काली माता मंदिर के सामने स्थित उनके स्वामित्व वाले प्लॉट की बाउंड्रीवाल कुछ लोग जेसीबी से तोड़ रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने फरियादी, उसके भाई और चालक के साथ लाठी-डंडों एवं अन्य घातक हथियारों से मारपीट कर दी। इसी दौरान आरोपी आरमान उर्फ निशु द्विवेदी ने फरियादी के भाई पर रिवॉल्वर तानकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली मिसफायर हो गई। आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 606/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 296(बी), 115(2), 351(2), 119(2), 109(1), 324(4) एवं 61(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी आरमान उर्फ निशु द्विवेदी (30 वर्ष), निवासी सत्संग नगर, पन्ना मोड़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश और वैधानिक कार्रवाई जारी है।


