कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ विकासखंड स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, खरखरी अमुवारी में कथित भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और वित्तीय अनियमितताओं का मामला अब केंद्र सरकार तक पहुंच गया है। स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय के केंद्रीय लोक शिकायत पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार अनुसूचित जाति की महिला कर्मचारी रानी बाई दहिया, जो कई वर्षों से विद्यालय में कार्यरत थीं, उन्हें बिना किसी वैधानिक कारण के कार्य से हटा दिया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित शिक्षक भूपत भारती ने दोबारा काम पर रखने के बदले कथित रूप से पैसों की मांग की। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उन्हें वापस काम पर नहीं रखा गया और उनके परिवार पर बच्चों का टीसी लेकर विद्यालय छोड़ने का दबाव बनाया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय भवन की छत मरम्मत के लिए प्राप्त शासकीय राशि के उपयोग में वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्यों और खर्च की गई सरकारी राशि का तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट कराने की मांग भी उठाई है।
शिकायतकर्ता कन्हैया लाल ने ग्रामीणों के साथ विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। शिकायत में दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने तथा शिकायत पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।
केंद्रीय लोक शिकायत पोर्टल पर दर्ज इस शिकायत का पंजीयन क्रमांक DOSEL/E/2026/0010637 है। फिलहाल शिकायत की स्थिति "Under Process" दर्शाई गई है और मामला संबंधित अधिकारी को जांच के लिए भेज दिया गया है।


