कटनी। पुलिस पर अवैध गतिविधियों को रोकने और उस पर पूरी तरह अंकुश लगाने की जिम्मेदारी है। लेकिन सूत्रों पर भरोसा करें तो कुठला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में पुलिस के आशीर्वाद और संरक्षण में लम्बे अरसे से राम चरण बरसैंया ( गुप्ता ) का पूरा परिवार अपने घर से अवैध कारोबार सट्टा एवं अवैध शराब का गोरखधंधा करता चला आ रहा है। लेकिन थाना कुठला में जितने भी थानेदार आए सबने अपना उल्लू सीधा करने में ही अपनी ड्यूटी समझा.? जिसका नतीजा यह रहा कि राम चरण बरसैंया का बेटा आशीष गुप्ता जो पहले सट्टा पट्टी काटने का अवैध कारोबार कर गरीब और मध्यम वर्ग को शिकार बना उनकी जेबों में डांका डालने का काम करता था। लेकिन अब आलम ये रहा कि कुठला पुलिस की नजरे इनायत के चलते सट्टा के अलावा अवैध शराब का भी बादशाह बन गया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर अवैध कारोबार करने वालों को हौसला मिलता कहां से है, सीधी सी बात है जिसका थाना क्षेत्र होता है उस थाने की पुलिस द्वारा, वरना मजाल है यदि पुलिस चाह ले तो अवैध कारोबार तो दूर की बात मंदिर से कोई चप्पल चोरी करने की भी हिम्मत न करे।
खैर जिला प्रशासन दावा कर रहा है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त अवैध मदिरा विक्रय की शिकायत की जांच के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने कटनी शहर में एक आवासीय मकान से 260 पाव देशी मदिरा मसाला जब्त की है। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
आवासीय मकान की तलाशी में मिली शराब
आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी मंशा राम उइके के नेतृत्व में गठित टीम ने वृत्त कटनी क्रमांक-2 क्षेत्र के गली नंबर-06, बाल गंगाधर तिलक वार्ड, इंद्रानगर स्थित पुराना सट्टेबाज आशीष गुप्ता पिता रामचरण बरसइयाँ, उम्र 28 वर्ष के रिहायशी मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान से दो प्लास्टिक कैरेट में रखी 260 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद हुई। प्रत्येक पाव 180 एमएल का था। बरामद मदिरा की कुल मात्रा 46.8 बल्क लीटर पाई गई। आबकारी अमले ने मदिरा को विधिवत जब्त कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
मामले में आरोपी आशीष गुप्ता के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। कार्रवाई में वृत्त कटनी क्रमांक-2 के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार तथा मुख्य आरक्षक राजेश गौंटिया, राम सिंह एवं किशनलाल बरदिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।


