जांच में 650 क्विंटल से अधिक गेहूं-चावल और 31 क्विंटल नमक के अपयोजन का मामला सामने आया, उपभोक्ताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
कटनी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में अनियमितता और खाद्यान्न के अपयोजन के मामलों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में उचित मूल्य दुकानों की आकस्मिक जांच और कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है।
इसी क्रम में विजयराघवगढ़ अनुविभाग में तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निलंबित किया गया है। जांच के दौरान इन दुकानों में गेहूं, चावल और नमक के स्टॉक में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। तीनों दुकानों में मिलाकर 650 क्विंटल से अधिक गेहूं-चावल तथा करीब 31 क्विंटल नमक के अपयोजन का मामला सामने आया है।
कैमोर क्षेत्र में हुई आकस्मिक जांच
कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता के नेतृत्व में कैमोर एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित उचित मूल्य दुकानों की आकस्मिक जांच कराई गई। सहायक आपूर्ति अधिकारी विजयराघवगढ़ जितेन्द्र बर्मन के जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई।
भटिया मोहल्ला की दुकान में मिली गड़बड़ी
भटिया मोहल्ला, कैमोर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 4208004 की जांच में विक्रेता/प्रबंधक मनोज मिश्रा के स्तर पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
जांच में 73.84 क्विंटल गेहूं, 48.56 क्विंटल चावल और 6.64 क्विंटल नमक के अपयोजन का मामला सामने आया।
खलवारा बाजार की दुकान में भी अनियमितता
खलवारा बाजार स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 4208003 में विक्रेता/प्रबंधक राजेश मिश्रा के स्तर पर गंभीर अनियमितता पाई गई।
जांच में 175.31 क्विंटल गेहूं, 118.08 क्विंटल चावल और 13.19 क्विंटल नमक के अपयोजन का प्रकरण निर्मित किया गया।
अमरैया पार की दुकान भी निलंबित
इसी तरह अमरैया पार स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 4208002 की जांच में विक्रेता/प्रबंधक मनोज मिश्रा के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान 146.08 क्विंटल गेहूं, 89.58 क्विंटल चावल और 11.11 क्विंटल नमक के अपयोजन का मामला सामने आया।
इस प्रकार तीनों दुकानों की जांच में कुल 395.23 क्विंटल गेहूं, 256.22 क्विंटल चावल और 30.94 क्विंटल नमक की अनियमितता सामने आई। यानी गेहूं और चावल को मिलाकर 651.45 क्विंटल खाद्यान्न तथा 30.94 क्विंटल नमक के अपयोजन का मामला सामने आया है।
दुकानें निलंबित, उपभोक्ताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
जांच प्रतिवेदनों के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजयराघवगढ़ द्वारा तीनों उचित मूल्य दुकानों को निलंबित कर दिया गया है।
हालांकि, प्रशासन ने कार्रवाई के साथ पात्र उपभोक्ताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा है। निलंबित दुकानों से जुड़े उपभोक्ताओं को राशन लेने में परेशानी न हो, इसके लिए इन दुकानों को जय माँ वीरासनी प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार, विजयराघवगढ़ द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान से संलग्न किया गया है। इससे संबंधित उपभोक्ताओं को राशन वितरण निर्बाध रूप से जारी रहेगा।
राशन की कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस
कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन की कालाबाजारी अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और गड़बड़ी करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।


