कटनी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर पालिक निगम कटनी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान शहर के प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और सुगम आवागमन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहर के प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण कर जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सत्यनारायण मंदिर, श्री गोविंद देव मंदिर तथा श्री महालक्ष्मी मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है, इसलिए मंदिर परिसरों के साथ-साथ आने-जाने वाले मार्गों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
सड़कों के गड्ढों की मरम्मत के निर्देश
महापौर ने मंदिरों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर मौजूद गड्ढों की आवश्यक मरम्मत पर्व से पहले कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिरों तक पहुंचने को देखते हुए आवागमन वाले मार्ग सुगम और सुरक्षित होना जरूरी है। चिन्हित गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्रकाश और पेयजल व्यवस्था रहे दुरुस्त
मंदिरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी महापौर ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा पर्व के दौरान पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण दस्ते को सतर्क रहने के निर्देश
जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों के आसपास बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए महापौर ने अतिक्रमण दस्ते को विशेष रूप से सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए। मंदिरों के आसपास और प्रमुख आवागमन मार्गों पर अस्थाई अतिक्रमण चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा मार्गों को सुगम बनाए रखने को कहा गया।
साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित अमले को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पर्व के दौरान होगी व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शहरवासियों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए और जन्माष्टमी पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य बीना बैनर्जी, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, पूर्व पार्षद विजय डब्बू रजक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, मोना करेरा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


