कटनी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। पुलिस अधीक्षक कटनी के नेतृत्व में जिले के प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों में पूजा-अर्चना, धार्मिक आयोजन, झांकियों और मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया है।
महिला पुलिस बल भी तैनात, सादे कपड़ों में रहेगी नजर
प्रमुख मंदिरों के प्रवेश और निकास मार्गों के साथ मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
भीड़ का फायदा उठाकर जेबतराशी, छीना-झपटी और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
CCTV की ‘तीसरी आंख’ से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अस्थाई कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसरों, प्रमुख मार्गों और भीड़ वाले स्थानों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भीड़ की स्थिति, संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति की जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस टीम को तत्काल अलर्ट कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर
जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों के आसपास बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात की स्थिति के अनुसार आवश्यकतानुसार ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा।
मंदिरों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने अथवा यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
SP ने सत्य नारायण मंदिर पहुंचकर लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सत्य नारायण मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का स्वयं जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
कटनी पुलिस ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ जन्माष्टमी पर्व मनाने की अपील की है। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल, पर्स, आभूषण और अन्य कीमती सामान का ध्यान रखने तथा छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ने की अपील की है।
पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


