कटनी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास (रॉबर्ट लाइन) में उस समय प्रेरणादायक माहौल बन गया, जब एक छात्र ने जिला पंचायत CEO सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर से कहा, "मुझे आप जैसा बनना है।" मासूम सवाल सुनकर उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने, लक्ष्य तय करने और मेहनत व अनुशासन के दम पर सफलता हासिल करने का संदेश दिया।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर छात्रावासों की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के निरीक्षण अभियान के तहत जिला पंचायत CEO ने छात्रावास पहुंचकर कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा तो किसी ने सेना, किसी ने पुलिस, डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनने की इच्छा जताई। इस पर उन्होंने कहा कि "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, केवल मेहनत और अनुशासन ही मंजिल तक पहुंचाते हैं।"
निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर खुद शिक्षिका की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने बच्चों से पहाड़े, गणित, गिनती और अंग्रेजी से जुड़े सवाल पूछे। कक्षा तीसरी के छात्र मयंक ने धाराप्रवाह 17 का पहाड़ा सुनाया, जबकि कक्षा पांचवीं के अंश पटेल ने अंग्रेजी में अपना परिचय देकर सभी को प्रभावित किया। दोनों छात्रों की पीठ थपथपाकर उन्होंने उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं अन्य छात्रों धरण सिंह, अगस्त सिंह, नितिन सिंह, प्रिंस, सत्यम और राजकुमार पटेल ने भी आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए।
शिक्षकों से चर्चा करते हुए जिला पंचायत CEO ने कहा कि बच्चों की रुचि के अनुसार खेल-खेल में शिक्षा देने की आवश्यकता है, ताकि पढ़ाई बोझ नहीं बल्कि आनंद का विषय बने और परिणाम बेहतर आएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास के कक्षों, रसोई, भंडार गृह, शौचालय, आवासीय परिसर, भोजन की गुणवत्ता और पेयजल व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया। साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर वार्डन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि छात्रों के खान-पान और सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर डीपीसी प्रेम नारायण तिवारी, एपीसी प्रीति सिंह, वार्डन प्रेमलता पटेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक |



