कटनी। जिले में आदिवासी भूमि से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का एक गंभीर मामला सामने आया है। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम करहिया खुर्द निवासी आदिवासी दंपती ने आरोप लगाया है कि उनके नाम का इस्तेमाल कर कटनी और डिंडौरी जिले में करीब 200 एकड़ कृषि भूमि खरीदी गई। अब जब उन्होंने शेष जमीन बेचने से इनकार किया तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने तथा घर से उठा ले जाने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले से भयभीत दंपती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पीड़ित गुलाब गोंड और उनकी पत्नी मुलिया बाई गोंड ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में शिव कुमार पाण्डेय पिता लोचन पाण्डेय उर्फ भैया जी, निवासी ग्राम करहिया खुर्द, थाना कुठला, जिला कटनी, तथा राजकिशोर अग्रवाल एवं नितिन अग्रवाल, निवासी गोल बाजार, थाना कोतवाली, कटनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार 22 जुलाई 2026 को आरोपी उनके घर पहुंचे और लाडली बहना योजना का पैसा बंद होने का हवाला देकर उन्हें कटनी ले आए। इसके बाद उनका पैन कार्ड बनवाया गया और मोबाइल की सिम अपने कब्जे में ले ली गई। पीड़ितों का आरोप है कि इसके बाद उनके नाम पर कटनी और डिंडौरी जिले के विभिन्न गांवों में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि खरीदी गई।
आवेदन में ग्राम मड़ई, पठरा, रामपुर, कटुआ सहित अन्य गांवों की जमीन का उल्लेख करते हुए दावा किया गया है कि कुल मिलाकर करीब 200 एकड़ भूमि उनके नाम दर्ज कराई गई। पीड़ितों का आरोप है कि इनमें से कई जमीनों का सौदा उनकी जानकारी और सहमति के बिना अन्य लोगों के नाम कर दिया गया, जबकि अब बची हुई जमीन भी बेचने का दबाव बनाया जा रहा है।
दंपती का कहना है कि आरोपियों द्वारा उन्हें लगातार जान से मारने, परिवार सहित घर से उठा ले जाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या बोले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने एक मीडिया संस्थान से चर्चा में बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच संबंधित थाना प्रभारी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक |



