कटनी। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 मंजिला इमारत हादसे में कटनी निवासी अक्षत यादव की मलबे में दबकर हुई मौत पर लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बिंदेश्वरी पटेल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे बेहद दर्दनाक घटना बताया है। उन्होंने अक्षत यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पटेल ने कहा कि अक्षत यादव की मृत्यु कटनी जिले की नाकाम सियासत का परिणाम है। यदि कटनी जिले में उच्च शिक्षा की पर्याप्त और बेहतर व्यवस्था होती, तो यहां के छात्रों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की आवश्यकता क्यों पड़ती?
उन्होंने कटनी के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनका ध्यान जनहित की बजाय निर्माण कार्यों में कमीशन और अकूत धन कमाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से अधिक धन कमाई बन गई है।
बिंदेश्वरी पटेल ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध जमीनों की खरीद-फरोख्त, अवैध कारोबार का संरक्षण, नशे का कारोबार और गली-गली शराब की बिक्री जैसे मुद्दे आम जनता के सामने हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का आम जनता के सरोकारों से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा कि झूठे प्रचार-प्रसार और चापलूसी करने वाले लोगों से घिरे रहने के बजाय जनप्रतिनिधियों को जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कटनी की जनता से अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में गंदी राजनीति करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से साफ करने का काम जनता को करना चाहिए।
पटेल ने कहा कि अक्षत यादव की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि कटनी के युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर अपने ही जिले में क्यों नहीं मिल पा रहे हैं।
लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश की ओर से अक्षत यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें।
बिंदेश्वरी पटेल, प्रदेश अध्यक्ष
लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी, मध्य प्रदेश


