कटनी/जबलपुर। कटनी के बहुचर्चित CSP आवास कांड को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। अधिवक्ता देवेन्द्र शर्मा ने 5 सितंबर 2026 को मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन भेजकर तत्कालीन विवादित महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मंजू शर्मा को तत्कालीन एसपी अभिजीत कुमार रंजन के साथ मिलकर अधिवक्ता परिवारजनों के ऊपर कथित प्राणघातक हमले के मामले में भूमिका के चलते मुख्यमंत्री द्वारा ट्वीट के माध्यम से कटनी से बाहर किया गया था। आवेदन में कहा गया है कि इस पूरे मामले की जांच शासन स्तर पर विचाराधीन है।
पांच हजार रुपये के अर्थदंड का भी उल्लेख
आवेदन में दावा किया गया है कि डीआईजी जबलपुर की जांच के बाद महिला थाना प्रभारी पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया था। आवेदक का आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित अधिकारी ने अपने खिलाफ कटनी में होने वाली जांचों को प्रभावित करने के उद्देश्य से स्थानांतरण करवाया।
तीसरी बार कटनी में पदस्थापना पर सवाल
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला थाना प्रभारी का कटनी जिले में तीसरी बार स्थानांतरण हुआ। साथ ही पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के बावजूद उन्हें जबलपुर में महिला थाना प्रभारी तथा मझौली थाना प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने का उल्लेख किया गया है।
आवेदन के अनुसार, महिला थाना प्रभारी की कथित विवादित कार्यप्रणाली के कारण उनके विरुद्ध दो परिवाद दायर हो चुके हैं। इसके अलावा, उमरिया पोस्टिंग के दौरान भी तत्कालीन एसपी द्वारा कथित अकुशल कार्यप्रणाली के चलते दंडित किए जाने का दावा आवेदन में किया गया है।
पत्रकारों से भी किया था अभद्र व्यवहार
अधिवक्ता द्वारा दिए गए आवेदन में संबंधित महिला अधिकारी पर कटनी के पत्रकार बंधुओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया गया है। आवेदन के मुताबिक, इसके बाद पत्रकारों ने स्थानीय विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया था। इसी घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री द्वारा ट्वीट कर अधिकारी को कटनी से बाहर किए जाने का उल्लेख किया गया है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि जबलपुर में भी अधिवक्ता बंधुओं ने संबंधित महिला थाना प्रभारी को फील्ड पोस्टिंग नहीं दिए जाने के संबंध में पुलिस अधीक्षक जबलपुर को ज्ञापन सौंपा था।
अन्य जिलों में पदस्थ करने की मांग
अधिवक्ता देवेन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि कटनी के बहुचर्चित CSP आवास कांड में शामिल रही तत्कालीन महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा की कटनी में तीसरी बार हुई पदस्थापना को निरस्त किया जाए और उन्हें किसी अन्य दूरस्थ जिले में पदस्थ करते हुए मामले में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।


