कटनी। गणेश उत्सव और गणेश चौक में लगने वाले वार्षिक मेले को लेकर नगर पालिक निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शनिवार को गणेश चौक का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
महापौर ने गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक विशेष साफ-सफाई, नियमित कीटनाशक दवा के छिड़काव और पंडालों के आसपास पर्याप्त डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
गड्ढे भरने और प्रकाश व्यवस्था पर जोर
गणेश चौक के आसपास के पहुंच मार्गों का निरीक्षण करते हुए महापौर ने सड़क पर मौजूद गड्ढों की आवश्यकतानुसार भराई और मार्गों को समतल कराने के निर्देश दिए, ताकि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
इसके साथ ही क्षेत्र में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था और जरूरत के अनुसार पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
मेले में दुकानें लगेंगी व्यवस्थित
गणेश चौक के वार्षिक मेले में बड़ी संख्या में फुटकर व्यापारी दुकानें लगाते हैं। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकानें निर्धारित एवं व्यवस्थित स्थान पर ही लगाई जाएं, जिससे मुख्य मार्गों और आवागमन में बाधा न आए।
उन्होंने यातायात विभाग के साथ समन्वय कर व्यवस्था बनाने और नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए अतिक्रमण दस्ते को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि गणेश चौक का वार्षिक मेला शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, सड़क, डस्टबिन और सुगम आवागमन जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।


