कटनी नगर निगम में आज ऐसा हंगामा हुआ कि नकली नोटों से भरा सूटकेस लेकर पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ नगर सरकार को घेर लिया!
सड़क, पानी, सीवर और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। और जब अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगा, तो प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर नारेबाजी शुरू कर दी।
आखिर चार साल की नगर सरकार से युवा कांग्रेस ने कौन-कौन से सवाल पूछे? और विधायक संजय पाठक से जुड़े जमीन के मामले में क्या आरोप लगाए गए?
पढ़े कटनी से रवि गुप्ता की खास रिपोर्ट
कटनी नगर निगम में व्याप्त जनसमस्याओं और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने नगर निगम के सामने विशाल महाघेराव किया।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।
प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु और जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने "चार साल कटनी शहर बदहाल" के नारे लगाते हुए भाजपा महापौर प्रीति सूरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर निगम के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के इंतजाम किए थे।
नकली नोटों से भरा सूटकेस और मटके फोड़कर प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता नकली नोटों की गड्डियों से भरा सूटकेस लेकर नगर निगम पहुंचे।
युवा कांग्रेस ने इसे भ्रष्टाचार और कथित कमीशनखोरी के खिलाफ सांकेतिक विरोध बताया और नगर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
वहीं, शहर में दो समय पानी की आपूर्ति की मांग को लेकर महिला कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर अपना आक्रोश जताया।
नगर निगम गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे प्रदर्शनकारी
महाघेराव के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब युवा कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया।
प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेता जनता की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखना चाहते थे, लेकिन कोई संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने परिसर में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं।
सड़क, पानी और सीवर से लेकर जमीन तक के मुद्दे
युवा कांग्रेस ने महाघेराव के दौरान नगर निगम से जुड़े कई मुद्दे उठाए।
शहर की बदहाल सड़कों की मरम्मत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण, पर्याप्त जलापूर्ति और दोनों समय पानी देने की मांग की गई।
कांजी हाउस में गौवंश की सुरक्षा, भोजन, पानी और चिकित्सा व्यवस्था की जांच की मांग भी उठाई गई।
वहीं, वर्षों से लंबित सीवर प्रोजेक्ट की देरी और निर्माण गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।
इसके अलावा गरीब परिवारों को आवास दिलाने, योजना क्रमांक 2 के 132 हितग्राहियों को भूखंडों का कब्जा दिलाने और योजना क्रमांक 17 में भूखंड विक्रय से जुड़े मामले में जांच के आधार पर एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
विधायक संजय पाठक से जुड़े जमीन के मामले पर भी उठाए सवाल
महाघेराव के दौरान योजना क्रमांक 15 की लगभग 20.50 एकड़ अधिग्रहित भूमि से जुड़े मामले को भी उठाया गया।
युवा कांग्रेस ने भाजपा विधायक संजय पाठक और उनके परिवार से संबंधित कंपनियों एवं व्यक्तियों के नाम से जुड़े कथित भूमि लेन-देन और कब्जे की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
संगठन ने योजना क्रमांक 6 की लगभग 11 हजार वर्गफुट आरक्षित भूमि से जुड़े कथित अतिक्रमण और अनियमितताओं की जांच कराने की भी मांग की।
MSW कंपनी, सिटी बस और मल्टीलेवल पार्किंग पर भी सवाल
युवा कांग्रेस ने कचरा प्रबंधन करने वाली MSW कंपनी के कामकाज, वाहनों की खरीद और टेंडर प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
शहर में बंद पड़ी सिटी बस सेवा को दोबारा शुरू करने, अधूरे मल्टीलेवल पार्किंग और चौपाटी के कार्यों को जल्द पूरा करने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों की संख्या, उपस्थिति और भुगतान की जांच कराने की मांग भी उठाई गई।
इसके साथ ही अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने और बजरंग कॉलोनी में झूलते बिजली के तारों की समस्या का समाधान करने की मांग की गई।
चार साल की नगर सरकार पर युवा कांग्रेस का सवाल
युवा कांग्रेस ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में महापौर निर्वाचित हुईं प्रीति सूरी बाद में भाजपा में शामिल हुईं और नगर सरकार के चार साल पूरे हो चुके हैं।
संगठन का आरोप है कि चुनाव के दौरान किए गए विकास के वादों के बावजूद शहर में सड़क, पानी, सीवर, सफाई और पार्किंग जैसी मूलभूत समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने कहा कि जनता टैक्स देती है, इसलिए उसे सड़क, पानी, सफाई और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने शिकायतों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने उठाया हिसाब-किताब का सवाल
प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने कहा कि चार साल पूरे होने के बाद भी जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।
उन्होंने MSW और सीवर प्रोजेक्ट में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता नगर निगम के संसाधनों और चुनावी वादों का हिसाब चाहती है।
उन्होंने विधायक संजय पाठक से जुड़े भूमि मामले में भी आरोप लगाए और कहा कि युवा कांग्रेस जनता के हित में सड़क से लेकर कानूनी लड़ाई तक जारी रखेगी।
महिलाओं और युवाओं ने भी उठाई आवाज
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने कहा कि हजारों युवाओं और नागरिकों ने अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने मटके फोड़ने और नकली नोटों से भरे सूटकेस को जनता के आक्रोश का प्रतीक बताया।
NSUI जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने और सिटी बस सेवा दोबारा चालू करने की मांग की।
वहीं, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रांधेलिया ने कहा कि जनता द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देना स्थानीय सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जांच और समयबद्ध कार्रवाई की मांग
युवा कांग्रेस ने ज्ञापन में उठाए गए सभी मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, जरूरत के अनुसार तकनीकी और वित्तीय ऑडिट तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने सभी लंबित कार्यों की समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किए जाएंगे।
तो कटनी नगर निगम के सामने युवा कांग्रेस के इस महाघेराव ने शहर की मूलभूत सुविधाओं से लेकर जमीन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों तक कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इन मांगों पर क्या जवाब देता है और जिन मामलों में जांच की मांग की गई है, उन पर आगे क्या कार्रवाई होती है।
कटनी की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते और देखते रहिए जन आवाज।







