कटनी। वार्ड में विकास कार्यों की धीमी गति से नाराज होकर सदन में इस्तीफा देने वाले इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 5 के भाजपा पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने आखिरकार अपना इस्तीफा वापस ले लिया। महापौर के नेतृत्व में भाजपा पार्षद परिवार की एकजुटता और समझाइश के बाद यह सुलह संभव हो सकी।
आज महापौर ने भाजपा पार्षदों और वार्ड के स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में ओमप्रकाश बल्ली सोनी से चर्चा कर उन्हें समझाया कि विकास कार्यों को लेकर नाराजगी हो सकती है, लेकिन विकास की लड़ाई में मैदान छोड़ने के बजाय मिलकर रास्ता निकालना चाहिए।
महापौर ने कहा कि इंदिरा गांधी वार्ड में पिछले 15 वर्षों तक विकास कार्य प्रभावित रहने की एक बड़ी वजह अवैध कॉलोनियां थीं। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा अवैध कॉलोनियों को वैध करने की दिशा में उठाए गए कदमों के बाद विकास का रास्ता खुला है। उन्होंने दावा किया कि वार्ड में अब तक लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हो चुके हैं और शेष कार्य भी जल्द पूरे कराए जाएंगे।
महापौर ने भरोसा दिलाया कि वे पूरे शहर की महापौर हैं और प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने पार्षद से धैर्य रखने और भाजपा संगठन पर विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा एक परिवार है, जहां मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए।
महापौर की समझाइश के बाद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने अपने इस्तीफे का फैसला वापस लेते हुए महापौर के नेतृत्व में विश्वास जताया। उन्होंने वार्ड सहित पूरे कटनी के विकास के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान महापौर की पहल को भाजपा पार्षद परिवार की एकजुटता के रूप में देखा गया। इसके उपरांत महापौर भाजपा पार्षद साथियों के साथ ओमप्रकाश बल्ली सोनी के निवास पहुंचीं और उनकी माताजी का कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री एवं पार्षद सुखदेव चौधरी, एमआईसी सदस्य सुभाष शिब्बू साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, ओमेंद्र अहिरवार, पार्षद श्याम पंजवानी, वंदना राजकिशोर यादव, रेखा संजय तिवारी, शकुंतला सोनी, भट्टू यादव, सुनीता कमलेश चौधरी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद जीवन चौधरी, राजू माखीजा, डब्बू रजक सहित वार्ड के स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर की पहल से फिलहाल भाजपा के भीतर उठा इस्तीफे का विवाद थम गया है। अब वार्डवासियों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि घोषित विकास कार्य कितनी जल्दी धरातल पर उतरते हैं।


