भोपाल। मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी (कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा) संघ ने तहसील रामपुरा, जिला नीमच के तत्कालीन तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना के खिलाफ ईओडब्ल्यू में दर्ज एफआईआर को लेकर कड़ा विरोध जताया है। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रांताध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर प्रदेशव्यापी आंदोलनात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
संघ का आरोप है कि तत्कालीन तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना के विरुद्ध आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में नियम विरुद्ध तरीके से एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे प्रदेश भर के राजस्व अधिकारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
इसी विरोध के तहत 27 मई 2026 को मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों में जिला कलेक्टरों के माध्यम से प्रमुख सचिव, राजस्व विभाग एवं डीजी ईओडब्ल्यू के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई और एफआईआर की समीक्षा नहीं की गई, तो आगे व्यापक आंदोलन की रणनीति बनाई जा सकती है।
संघ ने इस पूरे मामले को प्रशासनिक अधिकारियों के मनोबल से जुड़ा विषय बताते हुए शासन से न्यायपूर्ण निर्णय की मांग की है। प्रदेश भर में प्रस्तावित सामूहिक ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।



