कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित 11 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर-2026 का भव्य समापन समारोह मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में उत्साह और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कला, संस्कृति, खेल और जीवन कौशल से जुड़ी शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
5 से 15 जून तक निगम के तीनों विद्यालयों में आयोजित इस शिविर में 299 विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्केटिंग, कथक, वेस्टर्न डांस, गायन, वादन, सेल्फ डिफेंस सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में बच्चों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर 11 दिनों की मेहनत और प्रशिक्षण का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इस दौरान शिविर की गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे, जिनकी अतिथियों ने सराहना की।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि यह शिविर केवल अवकाश बिताने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में आत्मविश्वास और सृजनशीलता का नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को नई दिशा देने के साथ भविष्य के राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 20 मास्टर ट्रेनर्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वार्षिक एकेडमिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेन्द्र अहिरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नगर निगम कटनी के इस नवाचार को नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


