कटनी। व्यापारिक और खनिज नगरी कटनी को रेलवे सुविधाओं में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने कटनी में लंबे समय से लंबित प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा उठाते हुए रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखा है।
समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा (अंशु) के आग्रह पर लिखे गए इस पत्र में सांसद ने राजेंद्र नगर-कुर्ला एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, एलटीटी-छपरा एक्सप्रेस, एलटीटी-आजमगढ़ एक्सप्रेस, एलटीटी-दूरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा अमृत भारत अयोध्या एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का कटनी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।
सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि कटनी से पुणे के लिए वर्तमान में केवल एक सीधी ट्रेन उपलब्ध है, जिसमें यात्रियों को आरक्षण के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कटनी-पुणे नई ट्रेन शुरू करने अथवा शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार पुणे तक करने का सुझाव भी दिया है।
विवेक तन्खा ने कहा कि कटनी, मुड़वारा और साउथ स्टेशन के संचालन से रेलवे ट्रैफिक का दबाव कम हुआ है। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी और कटनी सहित आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस पहल पर समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से जिले की जनता इन ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग कर रही है और यदि यह मांग पूरी होती है तो यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |




