कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ थाना परिसर में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत एएसपी कमल मौर्य ने की।
बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, नायब तहसीलदार सुनील श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। नागरिकों से सुझाव लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी विचार किया गया।
एएसपी कमल मौर्य ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए।
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु और आपदा प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी-नालों पर पानी होने की स्थिति में सड़क पार न करें तथा सर्पदंश की घटना होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।
बैठक में उपस्थित सभी नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। अंत में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |



