कटनी। जिस तरह राक्षस की जान एक तोते में बसती है, उसी तरह काला कारोबार करने वाले की जान उसके अवैध, गैरकानूनी काम में समाई होती है। उसके अवैध कारोबार पर जरा भी प्रहार होते ही तोता फड़फड़ाने लगता है। कुछ इसी तरह का मामला कटनी जिले की तहसील बरही के एक पत्रकार का सामने आया है।
जुटाई गई जानकारी के मुताबिक बरही चौराहे में श्रीजी रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा कथित कारोबार की पोल पत्रकार विकास श्रीवास्तव ने खबर के माध्यम से खोला तो रेस्टोरेंट के मालिक की जान ऐसे निकलने लगी मानो किसी ने तोते की गर्दन मरोड़ दिया हो? आपको बता दे कि विगत दिनों बरही निवासी लोकवाणी न्यूज के पत्रकार विकास श्रीवास्तव ने बिना नाम उजागर किए रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा अवैध कारोबार की खबर अपने लोकवाणी न्यूज में प्रकाशित किया था। जिसके बाद रीवा में रहने वाला रेस्टोरेंट का मालिक अभिषेक शर्मा ने बरही में रहने वाले अपने साले लालू शर्मा को पत्रकार विकास श्रीवास्तव को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से धमकाने के लिए लगा दिया गया?
उक्त खबर प्रकाशित करने के बाद साला लालू अपने जीजा अभिषेक शर्मा का हुक्म बजाते हुए पत्रकार को धमकाना शुरू कर दिया ये कहते हुए कि खबर को सोशल मीडिया से फौरन हटा दो वरना अंजाम हितकर नहीं होगा। लालू शर्मा जो बरही में पान दुकान चलता है, पत्रकार विकास श्रीवास्तव को कॉल एवं वॉट्सएप कॉल करके खबर डिलीट करने के लिए मानसिक रूप से दवाब बनाने लगा। सबसे बड़ी बात ये है कि जब पत्रकार ने खबर हटाने से मना कर दिया तो लालू शर्मा ग्राम पंचायत उबरा का रहने वाला झल्ला तिवारी और इसके साथ उसके कुछ गुर्गे जा धमके पत्रकार के घर, पत्रकार समेत उसके परिवार को धमकाने। अब पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है। जिसके बाद पत्रकार और उसके बुजुर्ग पिता को धमकी मिलने के बाद पत्रकारों का एक कुनबा ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस अधीक्षक से दोषियों पर उचित कार्रवाई कर जानमाल की रक्षा करने मांग की है।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ी और चौंकाने वाली बात ये है कि पत्रकार द्वारा लोकवाणी न्यूज में बिना नाम लिए तथाकथित रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा अवैध कारोबार की खबर का प्रकाशन करने बाद पत्रकार को धमकी मिलने से एक बात तो साफ हो गई कि श्रीजी रेस्टोरेंट में कुछ तो गड़बड़ है, कुछ न कुछ खिचड़ी जरूर पकती है, दाल में कुछ तो काला है। लेकिन रेस्टोरेंट के मालिक और उसके साले ने अपने गुर्गों को साथ ले जाकर धमकी देकर खुद ही अपनी काली करतूत की पोल खोल कर ये तो बता दिया कि बरही में कोई और नहीं बल्कि श्रीजी रेस्टोरेंट ही है, जहां रात रंगीन होती है? जबकि खबर में तो केवल एक रेस्टोरेंट का ही जिक्र किया गया था।
लेकिन यहां तो राक्षस ने खुद ही तोता की गर्दन मरोड़ दी। जिससे आईने में जमी धूल पूरी तरह साफ कर खुद का चेहरा देख डर गया और खबर लिखने वाले पत्रकार को ही टारगेट कर अंजाम का पाठ पढ़ाने लगा। सूत्रों पर भरोसा करें तो लंबे अरसे से रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा कथित कारोबार की जानकारी कानून के रखवालों को भी थी, बावजूद रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा गैर कानूनी कारोबार बदस्तूर जारी था। सूत्र बताते हैं कि जिस दिन से खबर चली और पत्रकार को धमकी के बाद रेस्टोरेंट की आड़ का झाड़ फिलहाल सूख कर दम तोड़ चुका है। अब देखना ये होगा कि सूख चुके झाड़ को क्या जिम्मेदार फिर से हवा, पानी और खाद्य डालेंगे? या यूं ही सूखा पड़ा रहेगा। हालांकि खबर के बाद से रेस्टोरेंट मालिक और उसका रिश्तेदार ऐसा तिलमिलाया मानो किसी ने उसके अनगिनत जगहों पर मिर्ची रगड़ दी हो.?



