कटनी। पांचवें सिख गुरु, गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस के अवसर पर अमृतवेला ट्रस्ट, कटनी द्वारा मुरली रेस्टोरेंट के सामने मीठे शरबत (छबील) की सेवा का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली इस सेवा में हजारों राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं संगत ने शरबत ग्रहण कर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में अमृतवेला ट्रस्ट के सेवादारों ने पूरे समर्पण, अनुशासन और निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं प्रदान की। सेवा स्थल पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही और बड़ी संख्या में नागरिकों ने छबील का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
शहरवासियों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में सेवा, भाईचारे और मानवता का संदेश भी प्रसारित करते हैं। "सरबत दा भला" की भावना से प्रेरित यह आयोजन सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
कार्यक्रम के समापन पर अमृतवेला ट्रस्ट, कटनी ने सभी सहयोगियों, सेवादारों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।



