कटनी। जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में भर्ती अपनी साली का हालचाल जानने पहुंचे भाजपा नेता खेमचंद कुशवाहा के साथ कथित मारपीट का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। मामले में कोतवाली थाने में एनसीआर दर्ज होने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा कटनी ग्रामीण मंडल के मीडिया प्रभारी खेमचंद कुशवाहा 18 जून की दोपहर करीब 3 बजे अपनी साली सोनम कुशवाहा से मिलने जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड पहुंचे थे। आरोप है कि वार्ड के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मी रोशनी चौधरी और शिवम निषाद के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
खेमचंद कुशवाहा की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने एनसीआर क्रमांक 0375/2026 दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, मोबाइल छीनकर पटक दिया और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र सत्यम कुशवाहा के साथ भी धक्का-मुक्की होने का आरोप लगाया गया है।
एनसीआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी गई, लेकिन तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं भाजपा नेता द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए शिकायत पत्र में सुरक्षा कर्मियों पर अवैध वसूली, गाली-गलौज और अस्पताल में प्रवेश के बदले धन मांगने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








