बरही/कटनी। वाराणसी से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहे बरही निवासी पत्रकार विकास ताम्रकार और उनकी पत्नी सोनम ताम्रकार की उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के लहुरियादह गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विकास ताम्रकार (40) और उनकी पत्नी सोनम ताम्रकार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि विकास ताम्रकार अपने पुत्र का मुंडन संस्कार और अपना जन्मदिन मनाने बरही से बाबा विश्वनाथ के लिए परिवार के साथ वाराणसी गए थे। दर्शन के बाद बरही लौटते समय यह हृदयविदारक हादसा हो गया।
इस दुखद घटना की खबर मिलते ही बरही नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पत्रकार, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों ने दिवंगत दंपति को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


