कटनी। परिवार में चल रहा पुराने विवाद की आग को एक बार फिर हवा मिल गई, जिसकी लपटें थाने की चौखट तक जा पहुंची। जिसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामल दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पड़खुरी निवासी अरविंद कुमार पटेल ने पुलिस अधीक्षक कटनी को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि गांव के ही राजरूप पटेल ने उनके खिलाफ झूठी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठी शिकायत करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि 22 जून 2026 की रात करीब 9 बजे उनके विरुद्ध मारपीट की शिकायत की गई, जबकि उस समय वे पन्ना मोड़ स्थित विद्या मैरिज गार्डन में वीडियो शूटिंग का कार्य कर रहे थे। उनका दावा है कि इसकी पुष्टि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा मौके पर मौजूद लोगों के बयान से की जा सकती है।
आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने मिलकर उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि शिकायत झूठी पाई जाती है तो शिकायतकर्ता एवं कथित झूठे गवाहों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
आवेदक राजरूप की शिकायत पर मारपीट का मामला पंजीबद्ध किया गया है। शिकायत में कितनी सच्चाई है ये जांच का विषय है। विवेचना के बाद जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी
अभिषेक चौबे, थाना प्रभारी (वि. गढ़)


