कटनी। शहर के विवेकानंद वार्ड में लंबे समय से जरूरी माने जा रहे आधारभूत विकास कार्यों की शुरुआत हो गई है। नगर निगम ने करीब 1.91 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाला, विद्युत पोल और मंदिर परिसर के विकास से जुड़े चार प्रमुख कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, एमआईसी सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
नगर निगम के अनुसार सबसे बड़ा कार्य लखेरा गुप्ता साइकिल से लखेरा चर्च तक 72 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण का होगा। इसके अलावा करीब 75 लाख रुपये से नाला निर्माण, 21 लाख रुपये की लागत से 24 नए विद्युत पोलों की स्थापना तथा 24 लाख रुपये से खेरमाई मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उनका कहना था कि सड़क, जल निकासी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने विकास कार्यों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का परिणाम बताते हुए नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में भागीदारी की अपील की।
क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि वार्डवासियों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उनका दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद आवागमन आसान होगा, जलभराव की समस्या में कमी आएगी और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पहले से अधिक सुरक्षित होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर निगम के एमआईसी सदस्य, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।


