कटनी। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्कूलों, कृषि उपज मंडियों, बैंकों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यह 15 दिवसीय विशेष अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। अभियान का संचालन पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कटनी जिले में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड फ्रॉड, साइबर बुलिंग और अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर लोगों को "साइबर स्वच्छता" की शपथ भी दिलाई गई।
कटनी पुलिस ने दी ये महत्वपूर्ण सलाह
OTP, ATM PIN, CVV और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें।
बैंक, पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर आने वाली कॉल और संदेशों की पहले पुष्टि करें।
ऑनलाइन भुगतान से पहले वेबसाइट का URL (https://) अवश्य जांचें।
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सीमित रखें।
सभी महत्वपूर्ण खातों में मजबूत पासवर्ड और Two-Factor Authentication (2FA) का उपयोग करें।
KYC अपडेट, बिजली बिल, नौकरी, निवेश, लॉटरी या इनाम के नाम पर आने वाले संदेशों से सतर्क रहें।
बिना जानकारी के किसी QR Code को स्कैन या UPI Collect Request स्वीकार न करें।
AnyDesk, TeamViewer जैसे स्क्रीन शेयरिंग ऐप किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर इंस्टॉल न करें।
सार्वजनिक Wi-Fi पर बैंकिंग या वित्तीय लेन-देन करने से बचें।
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध संदेश, फर्जी QR Code या अनजान कॉल पर भरोसा न करें। साथ ही पुलिस ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर अपराध की घटना होती है तो वह तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने के साइबर हेल्पडेस्क, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए।
कटनी पुलिस का संदेश:
"सतर्क रहें, सजग रहें, सुरक्षित रहें।"
![]() |
| रवि कुमार गुप्ता, संपादक ( जन आवाज ) |



