कटनी। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सड़क, नाली, डिवाइडर, रिवर फ्रंट और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। बुधवार को आयोजित लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित और प्रस्तावित परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में चौपाटी निर्माण, कटाए घाट रिवर फ्रंट, थाना तिराहा से मिशन चौक तक डिवाइडर निर्माण, सड़क एवं नाली निर्माण, नाला कवरिंग सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि जिन कार्यों का भूमिपूजन हो चुका है, उन्हें बिना देरी शुरू किया जाए और प्रस्तावित परियोजनाओं की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं।
महापौर ने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों में पर्याप्त संख्या में चैंबर बनाने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, तकनीकी मानकों के पालन और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की बात कही।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़कें, सुगम यातायात और आधुनिक शहरी सुविधाएं समय पर मिल सकें। साथ ही सभी स्वीकृत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, प्रभारी सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, उपयंत्री राजललित गुमास्ता, संजय मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, जे.पी. सिंह बघेल, हिमांशु गौतम, रवि हनोते सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


