कटनी। इन्द्रानगर में तीन माह पहले हुई चाकूबाजी और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल को आखिरकार कुठला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 की रात करीब 12:20 बजे सरला नगर निवासी उत्तम लौहार अपने साथियों विपिन पांडेय और सन्नी लौहार के साथ मोटरसाइकिल से इन्द्रानगर गली नंबर-3 से गुजर रहा था। इसी दौरान कुत्तों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। बचने के प्रयास में चाकू फरियादी की पीठ पर लगा। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के आधार पर कुठला थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी और पारंपरिक तरीकों से आरोपियों की तलाश की। मामले में पहले ही जितेन्द्र उर्फ जित्तू ठाकुर, रवि सिंह ठाकुर, राजा उर्फ भवानीशंकर मिश्रा और सोलू उर्फ अमृता सिंह सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल लगातार फरार था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 6 अगस्त 2026 को मनीष जायसवाल (46), निवासी जरवाही, थाना माधवनगर को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, आरक्षक बुद्धू कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


